एक बार नहीं, दो बार नहीं!!जानिए कितनी बार एअर इंडिया को सुरक्षा उल्लंघनों के लिए भेजा गया नोटिस, संसद में खुद सरकार ने दी जानकारी…

Azad Reporter desk: Air India की उड़ानों में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने संसद में जानकारी दी है कि पिछले छह महीनों के दौरान एयर इंडिया को कुल 9 कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। ये नोटिस पांच अलग-अलग सुरक्षा उल्लंघनों को लेकर भेजे गए।
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने एक लिखित जवाब में बताया कि एयर इंडिया के कुल 33 विमानों में से 31 का निरीक्षण किया गया, जिनमें 8 विमानों में मामूली खामियां पाई गईं। हालांकि इन खामियों को सुधार लिया गया है और विमान दोबारा उड़ान के लिए तैयार कर दिए गए हैं। बाकी दो विमान फिलहाल रखरखाव के अधीन हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि बीते छह महीनों में दुर्घटनाग्रस्त विमानों को लेकर एयर इंडिया की विश्वसनीयता रिपोर्ट में कोई गंभीर या नकारात्मक प्रवृत्ति सामने नहीं आई है।
ये जानकारी मंत्री ने बीजेपी सांसद अशोकराव शंकरराव चव्हाण और डीएमके नेता कनिमोझी एन.वी.एन. सोमू के पूछे गए प्रश्नों के जवाब में दी।
गौरतलब है कि 12 जून को अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही एयर इंडिया की बोइंग 787-8 उड़ान टेक-ऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भयानक हादसे में 260 लोगों की जान चली गई जबकि 81 लोग घायल हुए थे।
इस हादसे के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एयर इंडिया के बोइंग 787-8 और 787-9 विमानों की अतिरिक्त जांच के आदेश दिए थे।


