800 करोड़ GST घोटाले में विक्की भालोटिया को राहत नहीं, हाईकोर्ट ने ईडी से मांगा जवाब…

Jharkhand: झारखंड हाईकोर्ट ने 800 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले में गिरफ्तार विक्की भालोटिया की जमानत याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई की। अदालत ने फिलहाल उन्हें कोई राहत नहीं दी है और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को निर्देश दिया है कि अगली सुनवाई से पहले इस मामले में लिखित जवाब दाखिल करे।
यह मामला देश के सबसे बड़े जीएसटी धोखाधड़ी मामलों में से एक माना जा रहा है। आरोप है कि विक्की भालोटिया ने 90 से ज्यादा शेल कंपनियों के जरिए फर्जी जीएसटी इनवॉइस बनाकर सरकार को लगभग 800 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया।
ईडी की जांच में सामने आया है कि इस घोटाले में शिव कुमार देवड़ा, सुमित गुप्ता और अमित गुप्ता समेत कई व्यापारी शामिल हैं। इन सभी पर 14 हजार 325 करोड़ रुपये के फर्जी चालान तैयार कर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत फायदा उठाने का आरोप है।
ईडी और जीएसटी इंटेलिजेंस की संयुक्त जांच में पाया गया कि ये कंपनियां केवल कागजों पर मौजूद थीं और इनका इस्तेमाल टैक्स चोरी के लिए किया गया।
अदालत में अगली सुनवाई से पहले ईडी को अपना जवाब पेश करना होगा। तब तक विक्की भालोटिया न्यायिक हिरासत में ही रहेंगे।

