323448 nipaj viral

Nipah Virus ने फिर दी दस्तक!! केरल में एक और मौत, छह जिले हाई अलर्ट पर…

खबर को शेयर करें
323448 nipaj viral

Azad Reporter desk: केरल में निपाह वायरस का खतरा एक बार फिर मंडराने लगा है। राज्य के पलक्कड़ जिले के कुमारमपुथुर इलाके में 58 वर्षीय व्यक्ति की निपाह वायरस संक्रमण से मौत हो गई है। यह इस साल का दूसरा पुष्ट मामला है जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता और सतर्कता दोनों बढ़ गई है।

मृतक को बुखार और अन्य लक्षणों के चलते इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। शनिवार रात उसकी मौत हो गई और पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (NIV) से पुष्टि के बाद पता चला कि वह निपाह वायरस से संक्रमित था।

NIV की रिपोर्ट आने से पहले ही पलक्कड़ और मलप्पुरम जिलों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें एक्टिव हो चुकी थीं। मृतक के संपर्क में आए 46 लोगों की पहचान की जा चुकी है और सभी को निगरानी में रखा गया है।

यहां के स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि मृतक की गतिविधियों और संपर्कों का रूट मैप तैयार कर लिया गया है। निगरानी के लिए सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई है। कुमारमपुथुर और आसपास के क्षेत्रों में घर-घर जाकर जांच की जा रही है और लोगों को सतर्क किया जा रहा है।

राज्य में इस समय कुल 543 लोग डॉक्टरों की निगरानी में हैं। इनमें सबसे अधिक 219 पलक्कड़ में, 208 मलप्पुरम में, 114 कोझीकोड में और दो मरीज एर्नाकुलम में हैं।

कोझीकोड, त्रिशूर, कन्नूर और वायनाड जिलों को भी एहतियातन हाई अलर्ट पर रखा गया है।

पिछले एक साल में केरल में निपाह के छह मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले जुलाई 2024 में पांडिक्कड़ में एक 14 वर्षीय बच्चे और सितंबर 2024 में वंडूर में 24 वर्षीय युवक की इस वायरस से मौत हो चुकी है।

लोगों से अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से अस्पतालों का रुख न करें और मास्क पहनने के नियमों का पालन करें। अस्पतालों में भीड़ न हो इसके लिए भी सख्त निर्देश दिए गए हैं।

सरकार और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हैं लेकिन इस वायरस की रोकथाम में जन सहयोग भी बेहद जरूरी है।