बिहार में 65 लाख वोटरों के नाम हटे, चुनाव आयोग ने जारी की पूरी सूची…

Azad Reporter desk: बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान हटाए गए 65 लाख वोटरों की सूची अब सार्वजनिक कर दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने सोमवार सुबह इसे बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया है। अब हटाए गए मतदाता स्वयं अपना नाम जांच सकते हैं।
इससे पहले 1 अगस्त को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में इन नामों का जिक्र नहीं था। इसके बाद विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग पर “वोट चोरी” के गंभीर आरोप लगाए थे। इसी विरोध के तहत रविवार को दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ किया था कि “किसी भी तरह की वोट चोरी नहीं हुई है।” इसके ठीक अगले दिन यानी सोमवार को आयोग ने सूची सार्वजनिक कर दी।
मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया पहले से ही जारी थी। अब पूरी सूची जारी होने के बाद यह देखना अहम होगा कि 65 लाख हटाए गए वोटरों में से कितने लोग अपना दावा या आपत्ति दर्ज कराते हैं।
मतदाता या कोई भी नागरिक हटाए गए नामों की सूची देखने के लिए इस लिंक पर जा सकते हैं: ceoelection.bihar.gov.in
आयोग के इस कदम को बिहार चुनाव से पहले उठे राजनीतिक विवाद को शांत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

