नगर निकाय चुनाव: सरयू राय का तीखा वार…बन्ना गुप्ता को बताया ‘मेयरपति’, नीलोफर हुसैन का विरोधियों पर हमला, जनसंपर्क अभियानों से गरमाया नगर निकाय चुनाव…

जमशेदपुर में नगर निकाय चुनाव को लेकर शनिवार का दिन पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा रहा। मानगो से लेकर जुगसलाई तक प्रत्याशियों ने घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया वहीं सियासी बयानबाज़ी ने भी चुनावी तापमान बढ़ा दिया।
मानगो नगर निगम वार्ड 19 की प्रत्याशी रुखसार बेगम ने सघन जनसंपर्क अभियान चलाते हुए मतदाताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो वार्ड में विकास की रफ्तार और तेज की जाएगी। सड़क, नाली, सफाई और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने का भरोसा उन्होंने लोगों को दिलाया।
इधर भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से आयोजित डिजिटल वॉलिंटियर्स मीट में बजट 2026 के प्रावधानों को आम जनता तक पहुंचाने और नगर निकाय चुनाव में डिजिटल माध्यम से प्रचार अभियान तेज करने का आह्वान किया गया। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया के जरिए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की उम्मीदवार रिंकू सिंह ने मच्छी गोदाम बस्ती में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया और स्थानीय निवासियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि जनता की छोटी से छोटी समस्या का समाधान ही उनका लक्ष्य है और वे हर मोहल्ले तक पहुंचकर समस्याएं जानेंगी।
वहीं जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए बड़ा सियासी बयान दिया। उन्होंने कहा कि मानगो की जनता को ऐसे लोगों को मेयर नहीं बनाना चाहिए जो “मेयरपति” बनने की मंशा रखते हों। उन्होंने नई पीढ़ी के ऊर्जावान और जनसुविधाओं के लिए काम करने वाले नेतृत्व को चुनने की अपील की।
सरयू राय ने मंत्री बन्ना गुप्ता पर तंज कसते हुए कहा कि वे मुस्लिम समुदाय के वोटों पर गुमान करते हैं और 2024 के चुनाव में आज़ादनगर इलाके से उन्हें बड़ी संख्या में वोट मिले थे। उन्होंने इसे लेकर राजनीतिक टिप्पणी भी की।
जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की दावेदार नीलोफर हुसैन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर अपने विरोधियों पर आरोप लगाया कि उनके वोटरों को भड़काने की कोशिश की जा रही है और उनके खिलाफ बेबुनियादी आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता सब समझ रही है और सच्चाई के साथ उनके साथ खड़ी है।
शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया जिसमें जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय स्वयं मौजूद रहे। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस नगर निगम मेयर प्रत्याशी तथा नीरज सिंह की धर्मपत्नी संध्या सिंह के समर्थन में आयोजित की गई थी। इस मौके पर उनके समर्थन में नेता पप्पू सिंह भी मौजूद नजर आए।
वहीं शनिवार को जुगसलाई से लेकर जमशेदपुर और मानगो तक कई जगह पदयात्राएं और प्रचार यात्राएं देखने को मिलीं। वार्ड पार्षद और नगर निगम मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता, संध्या सिंह सहित अन्य उम्मीदवारों ने लोगों के घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। वहीं मेयर प्रत्याशी जेबा कादरी ने भी विभिन्न इलाकों में लोगों से मुलाकात कर समर्थन मांगा।
कुल मिलाकर शनिवार को जमशेदपुर में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। जनसंपर्क अभियानों के साथ-साथ आरोप-प्रत्यारोप और सियासी बयानबाज़ी ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है। अब आने वाले दिनों में प्रचार और भी तेज होने की संभावना है।


