1000494744

Nagar Nigam Election: संध्या सिंह के समर्थन में पूर्वी की विधायिका पूर्णिमा साहू का प्रचार, ज़ेबा ख़ान ने ढोल-नगाड़ों के साथ तेज किया जनसंपर्क, सुधा गुप्ता ने कहा– ‘कार्पेट छाप पर वोट देंगे तो बुनियादी सुविधाओं को मिलेगी प्राथमिकता’

खबर को शेयर करें
1000494744

मानगो नगर निगम चुनाव अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। मतदान में अब महज़ तीन दिन शेष हैं और इस बीच प्रचार अभियान पूरे उफान पर नजर आ रहा है। हर गली, हर नुक्कड़ पर टोटो, चारपहिया वाहन और पैदल पदयात्राओं के ज़रिए प्रत्याशी मतदाताओं तक अपनी पहुंच बना रहे हैं।

मानगो वार्ड नंबर 9 से XLRI से जुड़े एक इंटरप्रेन्योर उम्मीदवार के चुनाव मैदान में उतरने से चुनावी समीकरण और दिलचस्प हो गया है। राजनीति में पढ़े-लिखे और प्रोफेशनल पृष्ठभूमि के लोगों की एंट्री से चुनावी माहौल में नया बदलाव देखा जा रहा है।

मानगो नगर निगम की मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने पदयात्रा कर मतदाताओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने “कार्पेट छाप” पर वोट देने की अपील करते हुए कहा कि मानगो के हर गली-मोहल्ले तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।

सबसे ज्यादा चर्चा उस समय रही जब नीरज सिंह की धर्मपत्नी संध्या सिंह के समर्थन में पूर्वी क्षेत्र की विधायिका पूर्णिमा साहू खुद सड़कों पर उतरीं। उन्होंने संध्या सिंह के साथ मानगो की गलियों में घूम-घूमकर मतदाताओं से संपर्क किया और समर्थन मांगा। इस अभियान ने मानगो के चुनावी माहौल को और गरमा दिया है।

वहीं मानगो नगर निगम की महापौर प्रत्याशी ज़ेबा ख़ान ने शुक्रवार शाम ढोल-नगाड़ों के साथ रोड शो कर प्रचार किया। बता दे कि शुक्रवार को सिंहभूम इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (SIA) ने भी ज़ेबा ख़ान को समर्थन देने की घोषणा की है जिससे उनके पक्ष में माहौल और मजबूत होता दिख रहा है।

इधर वार्ड संख्या 28 से पार्षद प्रत्याशी और जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज की प्रोफेसर अफसाना परवीन का जनसंपर्क अभियान भी तेज हो गया है। वे घर-घर जाकर लोगों से मिल रही हैं और शिक्षा व विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही हैं।

प्रचार के साथ-साथ राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है। हर प्रत्याशी अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटा है जिससे चुनावी मुकाबला दिन-ब-दिन और रोमांचक होता जा रहा है।

अब अगर जुगसलाई नगर परिषद चुनाव की बात करें तो वहां भी चुनावी सरगर्मी कम नहीं है। रिंकू सिंह के समर्थन में केंद्रीय मंत्री और हिंदूवादी नेता गिरीराज सिंह ने रोड शो किया जिसमें भारी संख्या में समर्थक उमड़े। रोड शो के दौरान जुगसलाई की सड़कों पर चुनावी नारे और जोश देखने को मिला।

इधर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जमशेदपुर प्रखंड में पोलिंग पार्टी डिस्पैच कार्य और मतगणना से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया है। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।

वहीं अगर भाजपा की बात करें तो कुछ दिन पहले ही भाजपा से इस्तीफा दे चुके राजकुमार श्रीवास्तव अपनी पत्नी कुमकुम श्रीवास्तव के साथ इस मानगो नगर निगम के इस चुनावी मैदान में सक्रिय रूप से खड़े नजर आए। इस दौरान नीरज सिंह और राजकुमार श्रीवास्तव के बीच आरोप-प्रत्यारोप और एक-दूसरे पर तंज कसने का दौर लगातार देखने को मिल रहा है जिससे चुनावी माहौल और ज्यादा गरमा गया है। इसी बीच कुछ मेयर प्रत्याशियों की ओर से यह दावा भी सामने आया है कि उन्हें बार-बार फोन कॉल के जरिए धमकियां दी जा रही हैं और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

कुल मिलाकर मानगो और जुगसलाई दोनों ही इलाकों में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है। पदयात्रा, रोड शो, ढोल-नगाड़ों के साथ रैलियों और नेताओं के मैदान में उतरने से मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। अब देखना यह होगा कि मतदाता किस पर भरोसा जताते हैं और नगर निकाय चुनाव का नतीजा किसके पक्ष में जाता है।