1000254747

अगस्त के अंत में फिर शुरू हो सकता है झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र, शिबू सोरेन के निधन के कारण हुई थी स्थगित…

खबर को शेयर करें
1000254747

Jharkhand: झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र अगस्त के अंत तक दोबारा शुरू हो सकता है। यह सत्र पहले 4 से 7 अगस्त तक निर्धारित था, लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के कारण केवल एक दिन चलने के बाद स्थगित कर दिया गया था।

विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने पहले दिन शोक प्रस्ताव पढ़ने के बाद सत्र स्थगित करने की घोषणा की थी। अब संभावना है कि तीन दिवसीय सत्र अगस्त के अंतिम सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। हालांकि इसकी अंतिम तिथि अभी तय नहीं हुई है।

इस सत्र में 1932 खतियान आधारित स्थानीयता, एसटी-एससी और पिछड़ा वर्ग आरक्षण में बढ़ोतरी, सरना धर्म कोड और सरकार के विश्वास मत जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होनी है। इसके अलावा चालू वित्तीय वर्ष का अनुपूरक बजट पारित करना भी जरूरी है।

संसदीय नियमों के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष के पास यह अधिकार है कि वे सत्रावसान से पहले सदन के नेता के परामर्श से सत्र दोबारा बुला सकते हैं, इसके लिए राज्यपाल या मंत्रिपरिषद की पूर्व स्वीकृति जरूरी नहीं होती।

यह झारखंड के संसदीय इतिहास में पहला मौका है जब किसी वरिष्ठ राजनेता के निधन के चलते सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया हो।

शिबू सोरेन के निधन के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर फैल गई थी और इसे देखते हुए विधानसभा की कार्यवाही को रोक दिया गया था। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि अगस्त के अंत में जब सत्र दोबारा शुरू होगा तो किन महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।