1000204322

झारखंड में मानसून का कहर: खूंटी में बना पुल टूटा, रांची समेत 6 जिलों में जारी रेड अलर्ट…

खबर को शेयर करें
1000204322

Jharkhand: झारखंड में मानसून की दस्तक के साथ ही बारिश ने तबाही मचानी शुरू कर दी है। बीते दो दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। खूंटी जिले के तोरपा क्षेत्र में बनई नदी पर बना पुल बुधवार को टूट गया जिससे इलाके का संपर्क पूरी तरह से कट गया है।जिस समय पुल टूटा उस वक्त एक ट्रक उस पर से गुजर रहा था। ट्रक चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर वाहन को रोका और खुद को बड़ी दुर्घटना से बचा लिया। यदि जरा सी भी देर होती तो ट्रक नदी में गिर सकता था।

मौसम विभाग ने रांची, खूंटी, लोहरदगा समेत छह जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। लोहरदगा में शंख नदी खतरे के निशान पर है वहीं रांची के बेड़ो क्षेत्र में तेज बारिश से डायवर्जन बह गया है जिससे यातायात बाधित हो गया है।

भारी बारिश के कारण कई जिलों में सड़कों पर पानी भर गया है। निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। एहतियात के तौर पर कुछ जगहों पर स्कूलों को बंद कर दिया गया है। जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी किनारे न जाएं और सतर्क रहें। दामोदर, बराकर और स्वर्णरेखा जैसी प्रमुख नदियां खतरे के निशान के करीब पहुंच चुकी हैं। ऐसे में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है।

झारखंड में मानसून की शुरुआत के साथ ही इस तरह की स्थिति ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और राहत कार्यों के लिए तैयार है।