सरायकेला और आदित्यपुर में खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध बालू लदा वाहन जब्त…

Jharkhand: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। उपायुक्त के निर्देश पर शुक्रवार को जिला खनन विभाग की टीम ने आदित्यपुर के गौरी-सांपड़ा और सरायकेला के नया पुलिया समेत कई संभावित जगहों पर औचक जांच की।
जांच के दौरान टीम ने एक अवैध बालू लदे वाहन को पकड़ा। वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए आदित्यपुर थाना को सौंप दिया गया है।
जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सथपथी ने बताया कि यह कार्रवाई खनिज अधिनियम और परिवहन नियमों के उल्लंघन के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन और बालू परिवहन में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और ऐसी जांच आगे भी जारी रहेगी।

