झारखंड-ओडिशा सीमा पर नक्सलियों का बड़ा हमला: रंगरा-करमपाड़ा रेलखंड पर धमाका, पटरियां उड़ीं, रेल यातायात ठप…

Jharkhand: झारखंड-ओडिशा सीमा पर नक्सलियों ने एक बार फिर हिंसक वारदात को अंजाम दिया है। शनिवार देर रात करीब 2 बजे नक्सलियों ने रंगरा-करमपाड़ा रेलखंड पर शक्तिशाली विस्फोट कर रेल पटरी उड़ा दी। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
विस्फोट के कारण इस रेल मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। कई यात्री ट्रेनें मार्ग में फंसी रहीं जबकि कुछ ट्रेनों को रद्द या डायवर्ट किया गया।
रेलवे की इंजीनियरिंग और सुरक्षा टीम मौके पर पहुंच गई है और ट्रैक की मरम्मत का काम तेज़ी से चल रहा है।
सौभाग्य से इस घटना में किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई है।प्रशासन का कहना है कि जल्द ही ट्रैक को बहाल कर दिया जाएगा और यात्री सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पश्चिम सिंहभूम जिला प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और अराजक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। झारखंड और ओडिशा की सीमा पर नक्सलियों का असर लंबे समय से बना हुआ है और आए दिन रेलवे जैसी सुविधाओं को नुकसान पहुंचाकर लोगों में डर फैलाने की कोशिश की जाती है।

