कांड्रा-सरायकेला सड़क पर बड़ा हादसा: गड्ढे में गिरकर विधायक प्रतिनिधि गंभीर रूप से घायल, सड़क की हालत बनते जा रही है जानलेवा…

Jharkhand: सरायकेला–कांड्रा–चाईबासा मुख्य मार्ग अब टोल रोड नहीं बल्कि जानलेवा रास्ता बनता जा रहा है। जगह-जगह गहरे गड्ढों के कारण यह सड़क आम लोगों के लिए मुसीबत बन चुकी है। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद न तो संबंधित विभाग और न ही निर्माण एजेंसी जेआरडीसीएल कोई कदम उठा रही है।
ताजा मामला सीनी मोड़ और दुगनी के बीच स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास का है, जहां खरसावां विधायक के प्रतिनिधि सुधीर महतो बाइक से जा रहे थे और एक बड़े गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी मिलते ही झामुमो के जिलाध्यक्ष शुभेंदु महतो अस्पताल पहुंचे और घायल सुधीर महतो का हालचाल जाना। उन्होंने इस हादसे के लिए प्रशासन और जेआरडीसीएल की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।
शुभेंदु महतो ने बताया कि बार-बार निर्देश देने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। जबकि टोल के रूप में लाखों रुपए वसूले जा रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि इस गंभीर समस्या पर तुरंत संज्ञान लिया जाए और सड़क मरम्मत का कार्य अविलंब शुरू किया जाए।
जब तक सड़क की मरम्मत नहीं होगी तब तक हादसे होते रहेंगे और लोग घायल होते रहेंगे। सवाल यह है कि और कितने हादसों का इंतजार है प्रशासन के जागने के लिए?

