1000234193 1

मंईयां सम्मान योजना घोटाला : SIT को जांच के दौरान विरोध, साइबर ठगी का शक, मास्टरमाइंड अब तक फरार…

खबर को शेयर करें
1000234193 1

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला में मंईयां सम्मान योजना में फर्जीवाड़े की जांच करने गई SIT टीम को पश्चिम बंगाल और बिहार में ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। जांच में अब साइबर ठगी की आशंका जताई जा रही है। लॉगिन आईडी हैक कर योजना की राशि फर्जी तरीके से निकाली गई। हालांकि घोटाले के मास्टरमाइंड तक पुलिस अब तक नहीं पहुंच पाई है।

सूत्रों के अनुसार घाटशिला प्रखंड के बीडीओ और पंचायत सचिव की लॉगिन आईडी को एक सरकारी ग्रुप में शेयर किया गया था जिसे साइबर ठगों ने हैक कर लिया। इसके बाद उन्होंने कई खातों में मंईयां सम्मान योजना की राशि ट्रांसफर कर निकलवा ली।

जांच के लिए SIT की टीम पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर के दासपाड़ा गांव और बिहार के किशनगंज के बरचोंदी पंचायत में पहुंची थी। वहां स्थानीय लोगों ने टीम का विरोध किया और जांच में बाधा डाली। बिहार के पोआखाली और ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में टीम को करीब 2-3 घंटे तक आक्रोश का सामना करना पड़ा।

जांच के दौरान दोनों राज्यों में सीएसपी (कस्टमर सर्विस प्वाइंट) सेंटरों की जांच की गई, जहां से योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन किया गया था। कई सेंटरों पर पूछताछ के बाद संचालक फरार हो गए। पुलिस किसी भी सीएसपी संचालक को अब तक झारखंड नहीं ला सकी है। खाताधारियों को भी नहीं थी जानकारी। पुलिस को यह भी पता चला कि कई खाताधारियों को उनके अकाउंट में पैसे आने की जानकारी तक नहीं थी। ठगों ने उनके खातों से पैसे निकाल लिए।

बंगाल पुलिस का पूरा सहयोग नहीं मिलने के कारण SIT को जांच में दिक्कतें आईं। फिर भी टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और सबूत इकट्ठा किए हैं।

अब तक पुलिस किसी भी मुख्य आरोपी तक नहीं पहुंच पाई है। SIT की टीम ने प्रारंभिक जांच पूरी कर रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी है। जल्द ही टीम दोबारा बिहार और बंगाल जाकर जांच करेगी।

SDPO अजीत कुजूर ने बताया कि “मामले की जांच जारी है। जैसे ही कुछ पुख्ता जानकारी मिलेगी मीडिया को बताया जाएगा।”