जमशेदपुर में शराब पार्टी के बाद लॉजिस्टिक कारोबारी पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में टीएमएच में भर्ती, तीन आरोपी गिरफ्तार…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई जिसमें सोनारी संगम विहार निवासी 50 वर्षीय लॉजिस्टिक कारोबारी रितेश सिंह पर जानलेवा हमला किया गया। हमले के बाद उन्हें अधमरी हालत में खरकई नदी किनारे फेंक दिया गया। स्थानीय लोगों ने रितेश को खून से लथपथ अवस्था में तड़पते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना रात करीब 11 बजे की है। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रितेश को तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। उन्हें ICU में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक रितेश के सिर और शरीर के कई नाजुक अंगों पर गंभीर चोटें आई हैं और अगले 24 घंटे उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों आदित्यपुर निवासी सूरज कुमार राय, प्रशांतो और सुमित को गिरफ्तार कर लिया है। रितेश सिंह के बड़े भाई राजेश सिंह के बयान पर मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि रितेश और आरोपी एक साथ शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई जो मारपीट में बदल गई। आरोप है कि आरोपियों ने रितेश पर पहले कार में हमला किया और फिर उन्हें नदी किनारे फेंक दिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई ऑल्टो कार को जब्त कर लिया है। कार के अंदर खून के धब्बे और टूटे कांच के टुकड़े मिले हैं जो इस हमले की पुष्टि करते हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

