दुमका में आकाशीय बिजली का कहर : 3 लोगों की मौत, कई घायल…

Jharkhand: झारखंड के दुमका जिले में रविवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज बारिश के साथ वज्रपात की घटनाएं हुईं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए हैं।
मसलिया थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में 23 वर्षीय चंदन मरांडी की मौत वज्रपात से हो गई। वह खेत से घर लौट रहा था, तभी तेज बारिश के साथ बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गया। परिजन तुरंत उसे फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि पोस्टमार्टम के लिए समझाने के बावजूद परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम के ही ले गए।
सरैयाहाट थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में खेत में काम कर रही 33 वर्षीय शकुन्ती देवी पर आकाशीय बिजली गिर गई जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस घटना में रूपा कुमारी, प्रभा देवी और भरत कापरी समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को पहले सरैयाहाट अस्पताल ले जाया गया और फिर गंभीर हालत में देवघर रेफर कर दिया गया। भरत कापरी की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
जरमुंडी थाना क्षेत्र में भी वज्रपात की घटना सामने आई है। 42 वर्षीय रेखा देवी की उस वक्त मौत हो गई जब वह बारिश के दौरान घर के पास बंधी बकरी को खोलने गई थीं। बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसी क्षेत्र के झकिया गांव में 35 वर्षीय मनोहर पुजहर पर गाय चराते समय बिजली गिरी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें दुमका मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इसके अलावा बनवारा गांव के दिनेश ठाकुर भी वज्रपात से घायल हुए हैं उन्हें भी बेहतर इलाज के लिए दुमका भेजा गया है।
बारिश के दौरान लगातार वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खेतों में काम करते समय या खुले में रहने से बचने की सलाह दी गई है।

