जामताड़ा में आसमानी बिजली ने ली दो जानें, तालाब और खेत में गिरी वज्रपात से किशोरी व युवक की मौत…

Jharkhand: झारखंड के जामताड़ा जिले में बुधवार सुबह आसमान से बरसी आफत ने दो परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया। जिले के नारायणपुर और बिंदापाथर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग जगहों पर वज्रपात की दो घटनाएं हुईं जिनमें एक 15 वर्षीय किशोरी और एक 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पहली घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के चंद्रपुर गांव की है। यहां सुबह करीब 7 बजे 15 साल की मुनकी कुमारी अन्य महिलाओं के साथ तालाब में स्नान कर रही थी। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और मुनकी उसकी चपेट में आ गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मुनकी चंद्रपुर निवासी कामदेव महतो की पुत्री थी। इस घटना में एक अन्य महिला भी घायल हो गई है।
दूसरी घटना बिंदापाथर थाना क्षेत्र के बोनामोहुल गांव में हुई। यहां खेत में काम कर रहे 25 वर्षीय अजित टुडू पर वज्रपात हो गया जिससे उसकी भी मौके पर मौत हो गई। साथ ही सुधीर टुडू नामक एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे तत्काल इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज जारी है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।