1000206236

धनबाद में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष का कारण, बड़े भाई ने लोहे की रॉड से कर दी छोटे भाई की हत्या…

खबर को शेयर करें
1000206236

धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र स्थित गांगपुर गांव में शनिवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। संपत्ति विवाद में बड़े भाई ने मंझले भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी हरमन मांझी उर्फ हरमू ने अपने ही सगे भाई प्रशांत मांझी (35) को पहले आंख में मिर्ची पाउडर डालकर अंधा किया और फिर लोहे की रॉड (साबल) से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल प्रशांत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना सुबह लगभग 8 बजे की है, जब प्रशांत अपनी दुकान पर बैठा था। तभी आरोपी हरमन वहां पहुंचा और झगड़ा शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने पहले मिर्ची पाउडर फेंका और फिर अचानक लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हत्या के बाद हरमन साबल को घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेजा गया। निरसा एसडीपीओ रजत माणिक बाखला, थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा, सर्किल इंस्पेक्टर रविकांत प्रसाद एवं एमपीएल ओपी प्रभारी सुमन कुमारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया गया कि तीन भाइयों में मंझला प्रशांत अपनी जमीन पर दुकान खोलकर बीते 10 दिनों से मुर्गा बेच रहा था। बड़े भाई हरमन को यह बात नागवार गुजर रही थी क्योंकि वह खुद वहां दुकान खोलना चाहता था। इसी विवाद ने खून-खराबे का रूप ले लिया।

प्रशांत की पत्नी पूजा और उनके दो छोटे बच्चे एक छह साल का बेटा और तीन साल की बेटी अब बेसहारा हो गए हैं। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।