आदित्यपुर में काम के दौरान मजदूर की मौत, परिजनों ने कंपनी गेट पर किया धरना, मुआवजा और नौकरी की मांग…

Seraikela-Kharsawan: आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-3 स्थित “Tuffseal India Private Limited Company” में शुक्रवार को काम के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 47 वर्षीय योगेन गोराई के रूप में हुई है जो सीनी का रहने वाला था और कंपनी में स्थायी श्रमिक के रूप में काम करता था।
जानकारी के अनुसार योगेन सुबह A शिफ्ट में काम पर आया था। काम के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। साथ काम कर रहे मजदूरों ने उसे तुरंत ESIC अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद कंपनी प्रबंधन ने शव को एमजीएम अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर जेएलकेएम नेता प्रेम मार्डी अपनी टीम के साथ MGM अस्पताल पहुंचे और शव को लेकर कंपनी गेट पर धरने पर बैठ गए। परिजनों की मांग है कि मृतक के आश्रित को 20 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए परिवार के एक सदस्य को नौकरी मिले और बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी कंपनी ले।
प्रेम मार्डी ने बताया कि मृतक के परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक कंपनी प्रबंधन परिजनों से बात नहीं करता आंदोलन जारी रहेगा। देर रात तक कंपनी का कोई अधिकारी या मालिक मौके पर नहीं पहुंचा। प्रशासनिक अनुरोध पर प्रेम मार्डी ने पोस्टमार्टम की अनुमति दी लेकिन चेतावनी दी कि अगर परिवार को न्याय नहीं मिला तो पोस्टमार्टम के बाद शव फिर से कंपनी गेट पर लाया जाएगा।

