1000215106

KHUNTI: तालाब में डूबने से दो मासूमों की मौत, गांव में पसरा मातम…

खबर को शेयर करें
1000215106

Jharkhand: खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र के बघिया आरसी टोली गांव में रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। तालाब में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 10 वर्षीय आशीष केरकेट्टा और 9 वर्षीय बिल्फ्रेड मड़की के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार शाम दोनों बच्चे गांव के तालाब में नहाने गए थे लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब बच्चों का कुछ पता नहीं चला तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। पड़ोस के घरों से लेकर आसपास के इलाकों में रात भर खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

अगले दिन यानी सोमवार सुबह गांव का एक व्यक्ति जब तालाब किनारे शौच के लिए गया तो उसने पानी में बच्चों के शव देखे। उसने तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले गए।
घटना की जानकारी मिलने पर रनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खूंटी भेज दिया है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बच्चों की मौत को लेकर गहरा दुख जताया है और तालाब के पास सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।