सरायकेला में खतरे के निशान से ऊपर पहुंची खरकाई नदी, स्वर्णरेखा भी अलर्ट के करीब, प्रशासन ने की सावधानी बरतने की अपील…

Jharkhand:सरायकेला-खरसावां जिले में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण जिले की प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। खरकाई नदी का जलस्तर आदित्यपुर पुल के पास खतरे के निशान को पार कर गया है जबकि स्वर्णरेखा नदी भी अब खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खरकाई नदी का खतरे का निशान 129 मीटर है लेकिन इसका वर्तमान जलस्तर 129.96 मीटर तक पहुंच गया है। वहीं स्वर्णरेखा नदी का खतरे का निशान 121.50 मीटर है और उसका जलस्तर अब 120.64 मीटर हो गया है।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने तटीय इलाकों में बसे लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि जब तक बहुत जरूरी न हो तब तक वे नदियों के किनारे न जाएं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।
प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव कार्य भी शुरू किए जाएंगे।

