करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का निधन, पोलो खेलते वक्त आया हार्ट अटैक,भारत में बढ़ते हार्ट अटैक पर चिंता…

Azad Reporter desk: बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और जाने-माने बिजनेसमैन संजय कपूर का 53 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि संजय कपूर इंग्लैंड के गार्ड्स पोलो क्लब में पोलो खेल रहे थे तभी खेल के दौरान उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। वे मैदान पर ही गिर पड़े और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
संजय कपूर Sona Comstar कंपनी के चेयरमैन थे और खेलों खासकर पोलो के बेहद शौकीन माने जाते थे। करिश्मा कपूर से उनकी शादी 2003 में हुई थी जो करीब 10 साल बाद 2016 में तलाक में खत्म हुई। दोनों के दो बच्चे बेटी समायरा और बेटा कियान हैं।
इस दुखद खबर ने एक बार फिर भारत में युवाओं में बढ़ते दिल के दौरे के मामलों पर चिंता बढ़ा दी है। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार 2025 के पहले 6 महीनों में भारत में 25 से 50 वर्ष की उम्र के लोगों में हार्ट अटैक से मौत के मामलों में तेज़ इजाफा देखा गया है। अकेले गुजरात में पिछले कुछ महीनों में 11 से 25 वर्ष की उम्र के 1,050 से अधिक युवाओं की मौत हार्ट अटैक से हुई।
विशेषज्ञों का मानना है कि खराब जीवनशैली, तनाव, नींद की कमी, जंक फूड का सेवन और एक्सरसाइज की कमी इसके मुख्य कारण हैं। इसके साथ ही जेनेटिक फैक्टर और अचानक अत्यधिक शारीरिक गतिविधि (जैसे पोलो खेलना) भी कई बार जानलेवा साबित हो सकती है।
बचाव के लिए विशेषज्ञों की सलाह है कि युवा वर्ग को समय पर हेल्थ चेकअप करवाना चाहिए संतुलित आहार लेना चाहिए व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करना चाहिए और तनाव को कम करने के लिए मेडिटेशन या योग करना चाहिए।
संजय कपूर की अचानक हुई मौत एक चेतावनी है कि दिल की बीमारी अब सिर्फ बुज़ुर्गों तक सीमित नहीं रही। यह हर उम्र के लोगों के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है।

