JPSC Principal Bharti: दो साल बाद भी नहीं हुई नियुक्ति, अब विज्ञापन रद्द, नई नियमावली के तहत होगी बहाली…

Jharkhand: झारखंड में राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालयों में प्राचार्य पद की बहाली अब नए सिरे से की जाएगी। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने दो साल पहले मार्च 2023 में 39 प्राचार्य पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन निकाला था लेकिन इतने समय बाद भी परीक्षा नहीं हो पाई। अब स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने इस पुरानी प्रक्रिया को रद्द करने और आयोग से अधियाचना वापस लेने का निर्णय लिया है।
इस पद पर अब हाल ही में तैयार की गई झारखंड माध्यमिक आचार्य नियुक्ति नियमावली-2025 के तहत भर्ती होगी। इसका मतलब है कि अब फिर से नया विज्ञापन निकलेगा और आवेदन की प्रक्रिया दोबारा शुरू की जाएगी।
मार्च 2023 में निकले पुराने विज्ञापन में आवेदन की अंतिम तारीख पहले 28 मई थी जिसे बढ़ाकर 11 जून 2023 किया गया था। लेकिन उसके बाद अभ्यर्थियों को कोई सूचना नहीं दी गई। इस बीच विभाग और आयोग के बीच नियमावली को लेकर पत्राचार चलता रहा जिससे पूरी प्रक्रिया ठप हो गई।
अब नई नियमावली के लागू होने के बाद यह तय हो गया है कि पुराने आवेदन अमान्य माने जाएंगे और अभ्यर्थियों को फिर से आवेदन करना होगा।
नई नियमावली में पद का नाम ‘प्राचार्य’ से बदलकर ‘प्रधानाचार्य’ कर दिया गया है। साथ ही इस पद का ग्रेड पे भी 7,600 से घटाकर 4,800 कर दिया गया है। इसके अलावा इस पद के लिए जरूरी अर्हता में भी कुछ बदलाव किए गए हैं।
झारखंड में ऐसे 59 राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय हैं जिनमें लंबे समय से अधिकतर स्कूलों में प्रभार में ही प्राचार्य का काम चलाया जा रहा है। अब नए नियमों के तहत इन पदों को भरने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।


