स्वच्छता में झारखंड का कमाल!! जमशेदपुर को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान…

Jharkhand: झारखंड के शहर स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 का परिणाम 17 जुलाई 2025 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में घोषित किया जाएगा। इस दौरान जमशेदपुर को महामहिम राष्ट्रपति के हाथों सम्मान मिलेगा वहीं बुंडू को केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
नगर विकास एवं आवास विभाग शहरी स्वच्छता को लेकर लगातार काम कर रहा है। राज्य के 49 शहरी निकायों में कचरा प्रबंधन, ठोस और तरल अपशिष्ट निस्तारण, सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक और जनसहभागिता के साथ जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
डोर टू डोर कचरा उठाव, कचरे का पृथक्करण (सेग्रिगेशन) और प्रोसेसिंग को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अलावा पीट कंपोस्टिंग, ऑनसाइट कंपोस्टिंग को बढ़ावा दिया गया है और रीसाइक्लर्स को भी निकायों से जोड़ा गया है।
स्वच्छता एप के जरिए सफाई से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा रहा है। हाल के वर्षों में झारखंड ने स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में अपनी एक अलग पहचान बनाई है।
पहले जहां स्वच्छ सर्वेक्षण 2016 में राज्य का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं था वहीं 2017 से लेकर 2023 तक झारखंड ने कई सम्मान हासिल किए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व और विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार के मार्गदर्शन में सफाईकर्मियों की मेहनत और नागरिकों के सहयोग से राज्य के शहर अब देश के बड़े और विकसित शहरों को टक्कर दे रहे हैं।


