1000236656

झारखंड की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था!! बीमार युवती को खाट पर 10 किमी ढोया, इलाज के दौरान मौत, शव ले जाने को भी नहीं मिली एंबुलेंस…

खबर को शेयर करें
1000236656

Jharkhand: झारखंड की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था की एक और शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। साहिबगंज जिले में आदिम ‘पहाड़िया जनजाति’ की एक बीमार युवती बदरिन पहाड़िन को उसके परिजन खाट पर लादकर 10 किलोमीटर पैदल चलकर सदर अस्पताल लाए लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

दर्दनाक बात यह रही कि युवती की मौत के बाद भी शव को घर ले जाने के लिए अस्पताल से कोई एंबुलेंस नहीं मिली। ऐसे में परिजन फिर से शव को उसी खाट पर रखकर 10 किलोमीटर पैदल वापस लौटे।

मृतका मंडरो प्रखंड के लोदोनी पहाड़ की रहने वाली थी और गजरा पहाड़िया की बेटी थी। परिजन उसे बीमार हालत में लेकर निकले और कड़ी मेहनत से पहाड़ी रास्तों को पार करते हुए खाट पर ढोकर अस्पताल पहुंचे लेकिन समय पर इलाज न मिलने से उसकी जान नहीं बच सकी।

बुधवार को इस पूरी घटना का वीडियो सामने आया जिसके बाद राज्य में हड़कंप मच गया।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि वे “सरकार और जनता पर बोझ बन चुके हैं।”

बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस मामले में तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और एंबुलेंस सेवाओं की स्थिति की तुरंत समीक्षा होनी चाहिए ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।