1000234726

झारखंड-पश्चिम बंगाल संपर्क टूटा: गुमानी नदी में बाढ़ से एनएच-80 सड़क टूटी, चार दिनों से आवागमन ठप…

खबर को शेयर करें
1000234726

Azad Reporter desk: साहिबगंज जिले के बरहड़वा-फरक्का राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-80) पर स्थित निशिंदरा में गुमानी नदी के तेज बहाव और कटान के चलते सड़क बुरी तरह टूट गई है। इससे झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच चार दिनों से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।

इस कटाव की वजह से दोनों राज्यों के बीच व्यापार पर भी बड़ा असर पड़ा है। खासकर पत्थर ढुलाई और पेट्रोल पंप से जुड़े कारोबारियों को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। बाजारों, ढाबों और होटलों में सन्नाटा पसरा है और मोटर गैराज में भी काम ठप हो गया है।

बताया जा रहा है कि हाल ही में हुई भारी बारिश और बरहेट बराज के गेट खोलने से गुमानी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इसके बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए और निशिंदरा इलाके में लगभग 40-50 फीट तक कटाव हो गया। तेज बहाव के कारण बाढ़ का पानी ‘छोटा गंगा’ तक पहुंच गया है।

बरहड़वा-फरक्का मुख्य सड़क पर अब कई ट्रक और मालवाहक वाहन फंसे हुए हैं। यह समस्या कोई नई नहीं है बल्कि पिछले 40 वर्षों से हर मानसून में यही स्थिति दोहराई जाती है। पिछले साल भी करीब 15 दिनों तक सड़क जाम रही थी।

स्थानीय लोगों ने सरकार से इस सड़क के स्थायी समाधान की मांग की है ताकि हर साल की इस परेशानी से राहत मिल सके।