झारखंड मौसम अपडेट: अगले 4 दिन भारी बारिश, वज्रपात और तेज आंधी की चेतावनी, लोगों से सतर्क रहने की अपील…

Jharkhand: झारखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश, तेज आंधी-तूफान और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। रांची समेत आसपास के जिलों में इस दौरान मौसम काफी खराब रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून की ट्रफ लाइन इस वक्त रांची होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इसके अलावा खाड़ी में बने साइक्लोनिक सिस्टम का असर भी झारखंड के मौसम पर पड़ रहा है। इसी कारण भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
इन जिलों में भारी बारिश का अनुमान:
रांची,पूर्वी सिंहभूम,पश्चिमी सिंहभूम,सरायकेला-खरसावां,पलामू,साहिबगंज,दुमका,पाकुड़,गोड्डा
इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों में रहने और जरूरत न होने पर बाहर न निकलने की सलाह दी है।
पलामू जिले में पिछले 24 घंटे में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने वज्रपात को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। लोगों से अपील की गई है कि तेज बारिश या बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान पेड़ के नीचे या लोहे की चीजों से दूर रहें।
जहां एक ओर बारिश से राहत मिल रही है वहीं दूसरी ओर जैसे ही बारिश रुकती है तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है। मंगलवार को गोड्डा में तापमान 38 डिग्री और रांची में 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
लोगों से अपील है बिजली चमकते ही तुरंत सुरक्षित जगह में जाएं, मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक चीजों का इस्तेमाल न करें, ऊंचे पेड़ों, खुले मैदान या धातु की वस्तुओं से दूर रहें, बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें ।
मौसम विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। जनता से अपील है कि किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

