झारखंड मौसम अपडेट : फिलहाल राहत, 9 सितंबर से फिर भारी बारिश का अलर्ट…

Jharkhand: झारखंड में इन दिनों मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। राज्य के अधिकतर हिस्सों में धूप खिली रही वहीं रांची, गुमला, सिमडेगा और हजारीबाग जैसे जिलों में केवल शाम के समय हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 2 से 3 दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है।
हालांकि 9 सितंबर से झारखंड में एक बार फिर से भारी बारिश लौट सकती है। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस दौरान खासकर रांची, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, सिमडेगा और गुमला जिलों में तेज वर्षा की आशंका है।
मानसून शुरू होने से अब तक रांची में 1314.5 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य आंकड़ा 855.9 मिमी है। यानी राजधानी में 54% अधिक बारिश दर्ज की गई।
पूरे राज्य में अब तक औसतन 1045.6 मिमी वर्षा हुई है जो सामान्य 840.2 मिमी से 24% ज्यादा है।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान!!
7–8 सितंबर : आंशिक बादल, कहीं-कहीं हल्की बारिश
9 सितंबर से : दक्षिणी और मध्य झारखंड में भारी बारिश की संभावना
10–11 सितंबर : रांची, जमशेदपुर, धनबाद समेत कई जिलों में तेज वर्षा का अलर्ट
यानी फिलहाल झारखंड में लोगों को धूप और हल्की बारिश के बीच राहत मिलेगी, लेकिन 9 सितंबर के बाद फिर से झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।


