प्रोन्नति में देरी पर झारखंड के विश्वविद्यालय शिक्षकों का फूटा गुस्सा, 8 अगस्त से राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी…

Jharkhand: झारखंड यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (JUTAN) ने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में कार्यरत सहायक प्राध्यापकों की प्रोन्नति में हो रही लगातार देरी को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। रविवार को जुटान अध्यक्ष जगदीश लोहरा की अध्यक्षता में आयोजित ऑनलाइन बैठक में यह निर्णय लिया गया कि यदि जुलाई माह के अंत तक प्रोन्नति प्रक्रिया में ठोस प्रगति नहीं होती है तो 8 अगस्त 2025 से प्रदेश भर में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बैठक में शिक्षकों ने अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि यूनिवर्सिटी स्टैच्युट के अनुसार पीएचडी धारकों को वर्ष 2023 तक और बिना PhD वाले सहायक प्राध्यापकों को मार्च 2025 तक प्रोन्नति मिल जानी चाहिए थी। लेकिन वर्तमान में स्थिति यह है कि कार्य बहुत धीमी गति से हो रहा है जिससे अधिकांश शिक्षक सेवानिवृत्ति तक भी प्रोन्नति नहीं पा सकेंगे।
शिक्षकों ने साफ तौर पर कहा कि अब चरणबद्ध प्रक्रिया नहीं चलेगी बल्कि त्वरित और न्यायोचित निर्णय की आवश्यकता है। बैठक में सर्वसम्मति से यह भी तय किया गया कि जुलाई महीने में विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जाएंगे लेकिन अगर कोई ठोस नतीजा नहीं निकलता तो पीछे नहीं हटेंगे।
जुटान के संयोजक कंजीव लोचन ने कहा कि जिस प्रकार पुरानी पेंशन योजना के लिए राज्य भर के शिक्षक एकजुट हुए थे उसी तरह अब प्रोन्नति के मुद्दे पर भी व्यापक एकता की आवश्यकता है। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि वर्ष 2025 के अंत तक कम से कम एसोसिएट प्रोफेसर का दर्जा पाने के लिए अभी से संघर्ष के लिए कमर कस लें।
इस मुद्दे को लेकर अब पूरे राज्य में विश्वविद्यालय और कॉलेज शिक्षक एकजुट होकर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में हैं।

