1000259090

Jharkhand: आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का 50वां जन्मदिन…

खबर को शेयर करें
1000259090

Jharkhand: झारखंड के मुख्यमंत्री और झामुमो अध्यक्ष हेमंत सोरेन का आज 10 अगस्त को 50वां जन्मदिन है लेकिन वे इस बार इसे नहीं मना रहे हैं। 4 अगस्त को उनके पिता और झारखंड आंदोलन के प्रणेता शिबू सोरेन का निधन हो गया था। इन दिनों दिशोम गुरु का श्राद्ध कर्म चल रहा है और मुख्यमंत्री शोक में हैं।

हेमंत सोरेन का जन्म 10 अगस्त 1975 को रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में हुआ। इंजीनियर बनने का सपना देखने वाले हेमंत पारिवारिक जिम्मेदारियों और राजनीतिक हालात के चलते पढ़ाई छोड़कर राजनीति में उतरे। 1999 में झामुमो की कमजोर होती स्थिति में उन्हें छात्र-युवा संगठन की जिम्मेदारी मिली।

2005 में पहली बार दुमका से विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन हार गए। 2009 में राज्यसभा सदस्य बने और उसी साल दुमका से विधानसभा चुनाव जीतकर उपमुख्यमंत्री बने। 2013 में पहली बार झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

2014 में दुमका से हारने के बावजूद बरहेट से जीत हासिल की और पांच साल नेता प्रतिपक्ष रहे। बड़े भाई दुर्गा सोरेन के निधन और पिता की उम्र बढ़ने के बाद उन्होंने पार्टी की पूरी जिम्मेदारी संभाली। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने जनहित में कई योजनाएं शुरू कीं और राज्य की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई।