Jharkhand: महिलाओं के लिए राहत!! अब DGP से सीधे ईमेल पर कर सकेंगी शिकायत, मिलेगी त्वरित कार्रवाई…

Jharkhand: झारखंड की महिलाओं और बच्चियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। अब किसी भी तरह की छेड़खानी, बदसलूकी या उत्पीड़न की शिकायत सीधे राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग गुप्ता को ईमेल के जरिए की जा सकती है। इसके लिए डीजीपी ने अपनी आधिकारिक ईमेल आईडी dgp@jhpolice.gov.in सार्वजनिक कर दी है।
DGP अनुराग गुप्ता ने साफ कहा है कि अब कोई भी महिला, बच्ची या पीड़िता बिना किसी डर के अपनी शिकायत सीधे उन्हें भेज सकती है। इससे पुलिस मुख्यालय को तुरंत मामले की जानकारी मिलेगी और समय रहते जरूरी कार्रवाई की जा सकेगी।
महिला सुरक्षा को लेकर DGP ने राज्य के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों (SP) को निर्देश दिया है कि ऐसे मामलों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि डायल 100 और डायल 112 जैसी हेल्पलाइन के साथ-साथ यह ईमेल सुविधा भी महिला सुरक्षा को मजबूत बनाएगी।
DGP ने साफ कर दिया है कि अगर कोई सरकारी कर्मचारी, शिक्षक, पंचायत सेवक या पुलिसकर्मी भी किसी महिला या बच्ची के साथ गलत व्यवहार करता है, तो उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में कोई छूट नहीं दी जाएगी।
हालांकि DGP ने यह भी कहा कि कुछ मामलों में महिलाएं निजी दुश्मनी की वजह से झूठी शिकायतें भी करती हैं। ऐसे मामलों से निपटने के लिए भी सावधानी बरती जाएगी। उन्होंने बताया कि करीब 90% शिकायतें सही होती हैं लेकिन कुछ मामलों में सच्चाई की जांच जरूरी होती है।
DGP ने कहा कि किसी भी शिकायत पर पहले सही तरीके से जांच और सत्यापन किया जाएगा। यदि शिकायत सही पाई जाती है तो आरोपी के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कुल मिलाकर यह नई व्यवस्था महिलाओं को और अधिक सुरक्षित महसूस कराने की दिशा में एक मजबूत कदम है।


