झारखंड रियल एस्टेट धोखाधड़ी कांड : ग्रीन वाटिका कंस्ट्रक्शन कंपनी का मालिक अजय अग्रवाल करोड़ों की ठगी कर परिवार सहित फरार…

Jharkhand: झारखंड में रियल एस्टेट से जुड़ी एक बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ग्रीन वाटिका कंस्ट्रक्शन्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रमोटर अजय अग्रवाल पर करोड़ों रुपये लेकर फरार होने का आरोप है। अजय अग्रवाल अपने परिवार के साथ अचानक गायब हो गया है। उसका घर अब खाली पड़ा है और फोन भी बंद है।
जानकारी के मुताबिक कंपनी ने रांची और जमशेदपुर के सैकड़ों ग्राहकों और निवेशकों से करोड़ों रुपये लिए थे। किसी से एक करोड़ किसी से चार करोड़ तक की रकम वसूली गई। अजय अग्रवाल के साथ कंपनी के निदेशक मंडल में सोनम अग्रवाल, राजेश अग्रवाल और सुमित्रा अग्रवाल भी शामिल हैं।
कंपनी के दफ्तर आदित्यपुर के उमेश टावर और रांची के नामकुम में थे। आदित्यपुर, गम्हरिया और रांची में हाउसिंग प्रोजेक्ट चलाए जा रहे थे। लेकिन अब कई ग्राहक यह देखकर परेशान हैं कि एक ही फ्लैट पर कई लोगों से एग्रीमेंट किया गया है। कई फ्लैटों पर दो-दो ताले लगे हुए हैं।
पिछले कुछ महीनों तक अजय अग्रवाल देनदारों से बात करता रहा हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर उन्हें टालता रहा। कुछ समय पहले वह चुपचाप रांची पहुंचा और वहां कुछ फ्लैटों की रजिस्ट्री कर दी लेकिन अब वह पूरी तरह गायब है।
निवेशकों का कहना है कि यह कोई साधारण व्यापारिक नुकसान नहीं बल्कि एक सोची-समझी आपराधिक साजिश थी। ठगी के शिकार लोगों में सबीता अग्रवाल (1 करोड़), मनोज झा (15 लाख), सचिन गोयल (30 लाख), बाराद्वारी निवासी (1.15 करोड़) और उत्तम कुमार (1.50 करोड़) जैसे कई लोग शामिल हैं।
अनुमान है कि इस पूरे घोटाले में 25 से 30 करोड़ रुपये की ठगी की गई है। अब निवेशक पुलिस में एफआईआर दर्ज कराकर अजय अग्रवाल और अन्य निदेशकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही अजय अग्रवाल पर वारंट जारी होगा उसकी गिरफ्तारी होगी और अदालत के आदेश से ठगी गई रकम की भरपाई होगी।
यह मामला झारखंड में रियल एस्टेट की दुनिया से जुड़ा अब तक का एक बड़ा और गंभीर घोटाला बन चुका है।


