Jharkhand: चतरा में बारिश का कहर, आरा-देवरिया-कारी मार्ग की पुलिया बहने से ग्रामीणों का संपर्क टूटा…

Jharkhand: भारी बारिश ने चतरा जिले में लापरवाही की पोल खोल दी है। सदर प्रखंड के मोकतमा पंचायत अंतर्गत आरा, देवरिया और कारी गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर बनी पुलिया तेज जलप्रवाह में बह गई।
पुलिया बह जाने से तीनों गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है। ग्रामीणों को गांव से बाहर निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों, किसानों और बीमार लोगों के लिए स्थिति और भी गंभीर हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह पुलिया कुछ साल पहले लाखों रुपये की लागत से बनी थी लेकिन पहली ही बड़ी बारिश में टूट गई। इससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण के दौरान ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत से लापरवाही हुई जिसके कारण पुलिया मजबूत नहीं बन पाई।
घटना के बाद अब तक प्रशासन की ओर से न तो कोई निरीक्षण किया गया है और न ही वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था। लोगों ने जिला प्रशासन से इस मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और जल्द नई पुलिया बनाने की मांग की है।

