झारखंड सरकार का बड़ा फैसला, इन उपभोक्ताओं को अब मिलेगी 200 यूनिट की फ्री बिजली…

Jharkhand: झारखंड सरकार ने बिजली और पेयजल को लेकर आम जनता को बड़ी राहत दी है। अब राज्य के जमशेदपुर, बोकारो और धनबाद जैसे क्षेत्रों में टाटा स्टील UISL, बीसीसीएल और सेल जैसे निजी बिजली आपूर्तिकर्ताओं से जुड़े उपभोक्ताओं को भी हर महीने 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलेगी। पहले तक ये उपभोक्ता सरकार की इस योजना से वंचित थे।
यह फैसला हाल ही में झारखंड विधानसभा में नगर विकास, ऊर्जा और स्वास्थ्य विभाग की बैठक के दौरान लिया गया। इस बैठक की अध्यक्षता विधान समिति के सभापति और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने की। उन्होंने ही यह मुद्दा विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाया था।
सरकार ने इसके साथ ही बस्तियों में पानी के कनेक्शन के लिए लिए जा रहे मनमाने शुल्क पर भी रोक लगाई है। अब किसी भी बस्ती में पेयजल कनेक्शन के लिए अधिकतम ₹7000 से अधिक नहीं लिया जाएगा। जल्द ही इस संबंध में अधिसूचना जारी की जाएगी जिससे हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
इसके अलावा राज्य कर्मचारी बीमा योजना को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया है। अभी तक यह योजना कुछ श्रेणियों के कर्मचारियों के लिए अनिवार्य थी लेकिन अब सरकार इसे ऐच्छिक (वैकल्पिक) बनाने पर विचार कर रही है। इस पर निर्णय के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है जिसकी अध्यक्षता एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कर रहे हैं।
सरकार के इन फैसलों से ना सिर्फ आम नागरिकों को राहत मिलेगी, बल्कि झारखंड के निजी बिजली आपूर्ति क्षेत्रों में रहने वाले लाखों लोग भी अब सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।


