झारखंड को मिली बड़ी सौगात: यहां बनेगा आउटर रिंग रोड,चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें, 3800 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण…

Jharkhand: झारखंड में अब सड़क विकास की रफ्तार और तेज होने जा रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को रांची में 3800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 9 नई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
रांची के रातू रोड स्थित ओटीसी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने रांची में आउटर रिंग रोड बनाने का आश्वासन दिया और कहा कि इसका डीपीआर जल्द तैयार किया जाएगा। इसके अलावा रांची को नागपुर की तर्ज पर इलेक्ट्रिक बसें भी मिलेंगी जो फ्लैश लाइट के साथ चलेंगी और ट्राम की तरह दिखेंगी।
गडकरी ने बताया कि ये इलेक्ट्रिक बसें पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए होंगी जिनमें 135 एक्जीक्यूटिव क्लास सीटें होंगी और इनमें खाना-पीना भी मिलेगा। किराया भी सामान्य बसों की तुलना में करीब 30% कम होगा।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि रांची में बने नए फ्लाईओवर को सुंदर पेंटिंग से सजाया जाएगा। इसके लिए सांसद संजय सेठ से DPR तैयार करने को कहा गया है।
गडकरी ने बताया कि 2014 से अब तक झारखंड में दो लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और आगे एक लाख करोड़ रुपये और खर्च किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दो साल के भीतर भारत की सड़कें अमेरिका जैसी होंगी।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कों के कारण लॉजिस्टिक कॉस्ट 16% से घटकर 10% हो गई है जिसे दिसंबर तक 9% तक लाने का लक्ष्य है।
राज्य में खेती के लिए पानी की कमी पर गडकरी ने कहा कि तालाब और डैम का गहरीकरण कराया जाएगा और वहां की मिट्टी सड़कों के निर्माण में उपयोग होगी।
गडकरी ने झारखंड सरकार से अपील की कि सड़क परियोजनाओं के लिए जमीन और वन विभाग की मंजूरी जल्द दिलाई जाए ताकि काम में रफ्तार लाई जा सके।

