Jharkhand Ed Big Action: 730 करोड़ के GST घोटाले में चार आरोपितों पर आरोप पत्र दायर, विक्की भालोटिया समेत 4 शामिल…

Jharkhand: झारखंड में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 730 करोड़ रुपये के GST घोटाले के मामले में चार लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। इस घोटाले में फर्जी बिल बनाकर गलत तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ लेने का आरोप है।
जिन चार लोगों पर आरोप तय किए गए हैं उनमें शिव कुमार देवड़ा, उसका बेटा मोहित देवड़ा, अमित गुप्ता और जमशेदपुर के व्यापारी अमित अग्रवाल उर्फ विक्की भालोटिया शामिल हैं। जांच में पता चला है कि इन लोगों ने 135 कागजी (शेल) कंपनियां बनाकर 5000 करोड़ रुपये का फर्जी व्यापार दिखाया और 730 करोड़ रुपये का ITC लिया।
ED ने 8 मई को रांची, जमशेदपुर और कोलकाता में छापेमारी की थी। इस दौरान विक्की भालोटिया को जमशेदपुर से शिव कुमार और मोहित देवड़ा को कोलकाता से और अमित गुप्ता को भी गिरफ्तार किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि इन कंपनियों में कई फर्जी निदेशक बनाए गए थे और कुछ कंपनियों में खुद आरोपी ही निदेशक थे।
छापेमारी में नौ लाख रुपये नकद और 63 लाख रुपये बैंक खातों में जब्त किए गए। साथ ही मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए खरीदी गई करीब 5.30 करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई है।
इस पूरे मामले की शुरुआती जांच DGGI (डायरेक्ट्रेट जनरल ऑफ गुड्स एंड सर्विस टैक्स इंटेलिजेंस) ने की थी। वर्ष 2023 में DGGI ने इन व्यापारियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी और फर्जी बिलों के जरिए 734 करोड़ रुपये का GST घोटाला सामने आया था।
जमशेदपुर के विक्की भालोटिया को दिसंबर 2023 में गिरफ्तार किया गया जबकि शिव देवड़ा, अमित गुप्ता और सुमित गुप्ता को अप्रैल 2024 में पकड़ा गया। एक और आरोपी विवेक नारसरिया छापे से पहले फरार हो गया। DGGI ने उस पर 14 करोड़ की वसूली का दावा किया है।
इस मामले में हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद नारसरिया की भूमिका की जांच राज्य सरकार को सौंपी गई है। DGGI ने इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है जो फिलहाल विचाराधीन है।
घोटाले की जांच अभी भी जारी है।

