1000250006

Jharkhand: जर्जर स्कूलों में क्लास पर रोक, मरम्मत के सख्त निर्देश…

खबर को शेयर करें
1000250006

Jharkhand: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने राज्य के सभी जर्जर स्कूल भवनों की पहचान कर उनकी मरम्मत कराने का आदेश दिया है। परिषद के राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखकर साफ कहा है कि किसी भी हालत में जर्जर भवन या कक्षा में बच्चों की पढ़ाई न कराई जाए।

निर्देश में कहा गया है कि जिन भवनों की हालत खराब है वहां पढ़ने वाले बच्चों को तुरंत दूसरी सुरक्षित कक्षाओं या स्कूलों में शिफ्ट किया जाए। जर्जर भवनों की मरम्मत विद्यालय में उपलब्ध फंड, CSR मद या फिर परिषद से राशि मांगकर कराई जाए।

परियोजना निदेशक ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल वही भवन मरम्मत के योग्य हैं जिनकी स्थिति सुधारी जा सकती है। जो भवन पूरी तरह से खतरनाक हैं उन्हें तोड़ने की कार्रवाई की जाए।

उन्होंने उपायुक्तों को अभियंताओं की टीम बनाकर ऐसे स्कूलों की पहचान करने और जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। हाल के दिनों में हो रही भारी बारिश को देखते हुए उन्होंने चेतावनी दी है कि जर्जर भवनों में पढ़ाई कराना बच्चों की जान के लिए खतरा हो सकता है।

शशि रंजन ने पुराने निर्देशों की याद दिलाते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारियों और अधीक्षकों से कहा है कि इस मामले पर तुरंत कार्रवाई की जाए।