झारखंड कैबिनेट के बड़े फैसले : संगीत-साहित्य अकादमी बनेगी, विस्थापन आयोग का गठन…

Jharkhand: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई झारखंड कैबिनेट की बैठक में 66 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन फैसलों से राज्य में कला-संस्कृति, शिक्षा, सड़क सुरक्षा और विकास योजनाओं को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में राज्य में संगीत नाट्य अकादमी, साहित्य अकादमी और ललित कला अकादमी के गठन को स्वीकृति दी गई। इसके जरिए झारखंड की कला और संस्कृति को नई पहचान मिलेगी।
कैबिनेट ने झारखंड बाल शिक्षा अधिकार संशोधन को भी मंजूरी दी। साथ ही सड़क सुरक्षा के लिए राज्य सड़क सुरक्षा नियमावली-2025 लागू करने पर सहमति बनी।
सरकार ने विस्थापित परिवारों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए झारखंड राज्य विस्थापन और पुनर्वास आयोग-2025 बनाने का भी फैसला लिया। इसमें अध्यक्ष, दो सदस्य और तीन आमंत्रित सदस्य होंगे। आयोग विस्थापित परिवारों के आवास, जीवनस्तर, शिक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति का आकलन कर सरकार को सुझाव देगा।
विकास परियोजनाओं को भी हरी झंडी मिली, जिनमें प्रमुख हैं :
•बांध पुनर्वास एवं सुधार परियोजना – 232 करोड़ रुपये
•पुनासी जलाशय योजना – 1,851 करोड़ रुपये
•रामगढ़ में बरियातू से हुंडरू पथ का निर्माण – 34 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री झारखंड अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक निधि के गठन को भी मंजूरी दी गई।