1000237315

Jharkhand: पलामू में बड़ा खुलासा!! 13,229 मृत लोगों के नाम पर सालों से बंट रहा था राशन, ई-केवाईसी में पकड़ाया फर्जीवाड़ा…

खबर को शेयर करें
1000237315

Jharkhand: पलामू जिले में ई-केवाईसी जांच के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पता चला है कि पिछले कई वर्षों से 13,229 मृत लोगों के नाम पर सरकारी राशन बांटा जा रहा था। यह खुलासा खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से कराई गई डिजिटल जांच में हुआ है।

जांच में पाया गया कि इन मृत लाभार्थियों में से 1,749 शहरी और 11,480 ग्रामीण क्षेत्र के थे। विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ऐसे नामों को राशन कार्ड सिस्टम से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब तक 8,316 नाम हटाए जा चुके हैं जिसमें 1,049 शहरी और 7,267 ग्रामीण लाभार्थी शामिल हैं। बाकी नामों को हटाने का काम जारी है।

इस मामले में सिर्फ तकनीकी गलती नहीं बल्कि डीलरों और कुछ विभागीय कर्मियों की मिलीभगत की भी आशंका जताई जा रही है। हर महीने मृत लोगों के नाम पर राशन निकाला जा रहा था जिससे यह साफ है कि कोई न कोई इसमें जानबूझकर शामिल था।

यह फर्जीवाड़ा न सिर्फ जरूरतमंदों का हक छीन रहा था बल्कि जिला प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। वर्षों तक यह गड़बड़ी कैसे चलती रही यह भी जांच का विषय है।

खाद्य आपूर्ति विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को सतर्क किया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। अगर डीलरों या विभाग के कर्मचारियों की संलिप्तता पाई जाती है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।