1000256700

झारखंड ATS की बड़ी कामयाबी: गैंगस्टर अमन साहू का साथी सुनील कुमार 23 अगस्त को अजरबैजान से लाया जाएगा भारत…

खबर को शेयर करें
1000256700

Jharkhand: झारखंड ATS को एक बड़ी सफलता मिली है। रामगढ़ के पतरातू (भदानीनगर) थाना क्षेत्र के वांटेड अपराधी सुनील कुमार उर्फ सुनील कुमार मीणा उर्फ मयंक सिंह को अब 23 अगस्त 2025 को अजरबैजान से भारत लाया जाएगा। इस अपराधी को झारखंड ATS की ओर से जारी रेड कॉर्नर नोटिस के बाद अजरबैजान में 29 अक्टूबर 2024 को गिरफ्तार किया गया था।

सुनील कुमार पर झारखंड के कई मामलों में आरोप हैं और उसके खिलाफ अदालत में आरोप पत्र भी दाखिल किया जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद अजरबैजान की सरकार ने भारत से एक्सट्राडिशन डोज़ियर यानी प्रत्यर्पण से जुड़ी कानूनी दस्तावेजों की मांग की थी जिसे झारखंड ATS ने विदेश मंत्रालय के माध्यम से भेजा।

इसके आधार पर अजरबैजान के बाकु अपराध न्यायालय ने 27 जनवरी 2025 को भारत को सुनील कुमार को वापस लाने की इजाजत दे दी। इसके बाद CBI, नई दिल्ली ने झारखंड ATS को प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।

4 अगस्त 2025 को अजरबैजान सरकार ने फिर से पत्र भेजकर जानकारी दी कि 22 अगस्त को अभियुक्त को भारतीय अधिकारियों को सौंपा जाएगा। इसके बाद भारत सरकार ने नामित अधिकारियों को राजनीतिक अनुमति (पॉलिटिकल क्लियरेंस) दी और उनके आधिकारिक पासपोर्ट भी तैयार किए गए।

गैंगस्टर सुनील कुमार अमन साहू गैंग से जुड़ा है और कुख्यात अपराधी लारेंस बिश्नोई का भी करीबी बताया जा रहा है। अब जब 23 अगस्त को वह भारत लाया जाएगा तो झारखंड ATS उससे पूछताछ करेगी और उसके अन्य साथियों व गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाएगी।

प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि इस तरह के फरार और वांटेड अपराधियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।