Jharkhand: सिंह मेंशन बमबाजी की जिम्मेदारी अमन सिंह गैंग ने ली, प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी धमकी…

झरिया की विधायक रागिनी सिंह के आवास सिंह मेंशन पर हुई बमबाजी की घटना की जिम्मेदारी कुख्यात अमन सिंह (मृत) गैंग ने ली है। गैंग के सदस्य शंकर सिंह के नाम से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस वारदात को अंजाम देने की बात कही गई है। साथ ही धनबाद को “शमशान बनाने” और बदला लेने की धमकी भी दी गई है।

शंकर सिंह के नाम से जारी बयान में कहा गया है कि जिस जमीन पर अमन सिंह का खून बहा है, उस धरती को बंजर बना दिया जाएगा। धनबाद के व्यापारियों, खासकर कोयला और लोहे के कारोबार से जुड़े लोगों से रंगदारी देने की मांग की गई है। बयान में कहा गया है कि जो उनकी बात नहीं मानेंगे, उन्हें चुन-चुनकर मारा जाएगा। इसके अलावा संजीव सिंह का नाम लेकर भी धमकी दी गई है।
रविवार देर रात अपराधियों ने सिंह मेंशन पर दो बम फेंके। एक बम मुख्य गेट के अंदर और दूसरा गेट के बाहर फेंका गया। दोनों बम तेज धमाके के साथ फटे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। धमाके की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना के बाद फरार हुए अपराधी
बमबाजी के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल से बम के अवशेष और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

