Jharkhand: छुट्टी के बाद 9 बच्चों को क्लास में बंद कर चले गए शिक्षक, परिजनों ने स्कूल में जड़ा ताला…

Jharkhand: बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के केरी गांव स्थित एक निजी स्कूल में बड़ी लापरवाही सामने आई है। स्पेन पब्लिक स्कूल में गुरुवार को छुट्टी के बाद शिक्षक 9 बच्चों को कक्षा में बंद कर स्कूल से चले गए। बच्चे डेढ़ घंटे तक भूखे-प्यासे कमरे में बंद रहे। जब बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परेशान परिजन स्कूल पहुंचे और देखा कि बच्चे क्लासरूम में बंद हैं और बाहर से ताला लगा हुआ है।
परिजनों ने तुरंत गोमिया के बीडीओ महादेव कुमार महतो को सूचना दी। बीडीओ ने ललपनिया थाना को खबर दी जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला तोड़ा और बच्चों को बाहर निकाला। इस घटना के बाद नाराज अभिभावकों ने स्कूल में ताला जड़ दिया और दोषी शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बच्चों ने बताया कि वे चप्पल पहनकर स्कूल आए थे जिससे प्रिंसिपल मुनी कुमारी नाराज हो गईं। उन्होंने सभी बच्चों से चप्पल उतरवाकर एक कमरे में बंद कर दिया। छुट्टी होने के बाद जब बच्चों ने दरवाजा खोलने की बात कही तो कोई शिक्षक नहीं रुका सभी स्कूल बंद कर चले गए।
स्कूल डायरेक्टर संजय कुमार को जब सूचना दी गई तो वह मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक परिजन नाराज हो चुके थे और जमकर हंगामा शुरू हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती स्कूल में ताला बंद रहेगा।
इस मामले को लेकर आदिवासी नेता व समाजसेवी अनिक कुमार हांसदा ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्र में शिक्षा के नाम पर व्यापार हो रहा है ऐसे स्कूलों को बंद किया जाना चाहिए।


