1000234382

Jharkhand: 1600 कनेक्शन फिर भी पानी की भारी किल्लत! रोज कहां गायब हो जाता है 25 लाख लीटर पानी? देखें पूरी रिपोर्ट, क्या आपके वार्ड में भी है यही हाल?

खबर को शेयर करें
1000234382

Jharkhand: सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में पानी की समस्या अब आम लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुकी है। हैरानी की बात ये है कि इलाके में 1600 सरकारी जल कनेक्शन मौजूद हैं और प्रतिदिन 25 लाख लीटर से अधिक पानी की आपूर्ति की जाती है। इसके बावजूद आम लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। आखिर पानी जा कहां रहा है?

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अनुसार सरायकेला मुख्यालय स्थित नगर पंचायत परिसर में तीन बड़ी पानी टंकियां हैं 5 लाख, 4 लाख और 2 लाख लीटर की क्षमता वाली। सुबह-शाम दोनों वक्त इन टंकियों को भरकर पूरे क्षेत्र में जल आपूर्ति की जाती है। यानी कुल मिलाकर रोज़ाना लगभग 25 लाख लीटर पानी सप्लाई किया जा रहा है। लेकिन धरातल पर इसका असर नहीं दिखता।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई घरों में अवैध तरीके से मोटर लगाकर पानी खींचा जा रहा है। जबकि पानी सप्लाई के दौरान नगर पंचायत सरकारी बिजली काट देती है ताकि मोटर न चल पाए। लेकिन कुछ लोग इन्वर्टर और जुस्को जैसे निजी बिजली कनेक्शन के ज़रिए चोरी से मोटर चला रहे हैं। इससे जल वितरण प्रणाली असंतुलित हो जाती है और बाकी लोगों को पानी नहीं मिल पाता।

जानकारी के मुताबिक वर्ष 2017 से अब तक सरकारी दस्तावेजों में केवल 1600 जल कनेक्शन ही दर्ज हैं। अगर प्रति परिवार 5 सदस्य मानें जाएं और हर व्यक्ति को 135 लीटर पानी की आपूर्ति होनी चाहिए तो 1600 कनेक्शन के लिए कुल 10.80 लाख लीटर पानी ही पर्याप्त है। फिर सवाल उठता है कि जब 25 लाख लीटर पानी सप्लाई हो रहा है तो बाकी पानी आखिर जा कहां रहा है?

पथागार से थाना चौक तक के इलाके में लोग सबसे ज़्यादा प्रभावित हैं। यहाँ कभी पानी आता है तो कभी बिल्कुल नहीं। कई बार लोग हंगामा करते हैं लेकिन तब जाकर कुछ समय के लिए कार्रवाई होती है। फिर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।

अब सवाल सिर्फ पानी की किल्लत का नहीं बल्कि सिस्टम की लापरवाही का भी है। विभाग को यह जांच करनी चाहिए कि हर दिन सप्लाई किया जाने वाला लाखों लीटर पानी आखिरकार गायब कैसे हो जाता है? क्या आपके वार्ड में भी यही हाल है?