जमशेदपुर के मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के छात्र ने की आत्महत्या, कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही उजागर…

Jamshedpur news: मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र दिव्यांशु पांडेय ने डिप्रेशन के चलते आत्महत्या का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार छात्र ने हॉस्टल में सल्फाइट खाकर अपनी जान देने की कोशिश की। उसकी हालत बिगड़ने पर साथी छात्रों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाने की कोशिश की लेकिन करीब 40 मिनट तक एम्बुलेंस नहीं पहुंची।
इसके बाद छात्रों ने दिव्यांशु को निजी वाहन से मारसी अस्पताल ले जाने का प्रयास किया जहां उसे भर्ती करने से मना कर दिया गया। इसके बाद उसे टाटा मैन हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। छात्रों का कहना है कि कॉलेज में आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की कमी है। वहीं कई छात्रों ने डर के कारण मीडिया से खुलकर बात करने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि अगर वे कुछ बोलेंगे तो उनके आने वाले चार साल खतरे में पड़ सकते हैं।


