Jamshedpur: बिष्टुपुर में 9 अगस्त को सादगी से मनाया जाएगा विश्व आदिवासी दिवस, दिशोम गुरु शिबू सोरेन को किया जाएगा समर्पित…

Jamshedpur news: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित रीगल मैदान में एक सादगीपूर्ण और जागरूकता से भरा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन आदिवासी छात्र एकता की ओर से किया जा रहा है।
गुरुवार को निर्मल गेस्ट हाउस, बिष्टुपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 से लगातार यह आयोजन किया जाता रहा है और इस बार भी परंपरा को आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देकर की जाएगी। इसके बाद उनके जीवन संघर्ष, आदिवासी पहचान की लड़ाई और सामाजिक योगदान पर विचार साझा किए जाएंगे।
आदिवासी समाज के अधिकारों पहचान और संवैधानिक मुद्दों पर चर्चा के साथ ही यह आयोजन युवाओं और छात्रों के बीच जागरूकता फैलाने का कार्य करेगा।
कार्यक्रम के दौरान झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी प्रार्थना की जाएगी।
इस अवसर पर कई बुद्धिजीवी वक्ता, छात्र और सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल होंगे जो आदिवासी समाज से जुड़े अहम विषयों पर विचार रखेंगे।
जिन विषयों पर चर्चा होगी:
सरना धर्म कोड, पेसा कानून, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013, लैण्ड बैंक नीति, सीएनटी और एसपीटी एक्ट, विल्किंसन नियम
कार्यक्रम में इन्द्र हेम्ब्रम, हेमेन्द्र हाँसदा, हरिमोहन टुडु, नन्दलाल सरदार, राज बाँकिरा, गुरुचरण सोरेन, चन्द्राय मार्डी समेत कई प्रमुख वक्ता भाग लेंगे।
यह आयोजन आदिवासी समाज की अस्मिता, अधिकारों और अस्तित्व की आवाज बुलंद करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

