1000213752

खंडहर बनता जा रहा जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज, छत से गिरता प्लास्टर, जहरीले सांपों ने डाला डेरा…

खबर को शेयर करें
1000213752

Jamshedpur news: जमशेदपुर में स्थित कोल्हान विश्वविद्यालय से संबद्ध जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज इन दिनों अपनी जर्जर इमारत को लेकर चर्चा में है। ये कॉलेज अब खंडहर में तब्दील होता जा रहा है। कॉलेज की छत से प्लास्टर गिरना और परिसर में जहरीले सांपों का दिखना आम हो गया है। इससे छात्रों और शिक्षकों में भय का माहौल है वहीं प्रशासन भी चिंतित नजर आ रहा है।

कॉलेज की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। खास बात यह है कि पटमदा, बांगुड़दा और घाटशिला जैसे दूरदराज क्षेत्रों से भी छात्र-छात्राएं यहां पढ़ाई करने आते हैं लेकिन खराब भवन की वजह से उनकी सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।

हाल ही में कॉलेज के प्रवेश द्वार के पास अचानक छज्जे का प्लास्टर टूटकर गिर गया। गनीमत यह रही कि उस वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था वरना बड़ा हादसा हो सकता था। पहले भी ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं जब कक्षाओं या परीक्षा के दौरान प्लास्टर गिरा हो।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी महालिक के अनुसार भवन की खराब स्थिति को लेकर कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन से लेकर राज्य के मानव संसाधन विकास विभाग (HRD) तक कई बार पत्राचार किया जा चुका है लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

इस पर विश्वविद्यालय के CCDC डॉ. आरके चौधरी का कहना है कि छोटे-मोटे मरम्मत कार्यों के लिए कॉलेज को राशि दी जाती है लेकिन जब पूरा भवन ही जर्जर हो चुका हो तो व्यापक स्तर पर मरम्मत की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि कॉलेज एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) बनाकर देता है तो आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

कॉलेज में पढ़ाई का स्तर ठीक है और छात्र संख्या भी पर्याप्त है लेकिन भवन की खराब हालत की वजह से छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अगर जल्द मरम्मत का कार्य नहीं हुआ तो कोई भी दुर्घटना कॉलेज की छवि के साथ-साथ छात्रों के जीवन को भी नुकसान पहुंचा सकती है।

अब यह देखना होगा कि क्या संबंधित विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन समय रहते कोई कार्रवाई करता है या फिर ये कॉलेज और भी खंडहर बनता चला जाएगा।