Jamshedpur: मानगो डिमना बस्ती में अवैध शराब और मोबाइल लॉटरी के खिलाफ गोलबंद हुई महिलाएं…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के मानगो उलीडीह थाना क्षेत्र की डिमना बस्ती में खुलेआम चल रहे मोबाइल डेली लॉटरी और अवैध शराब के धंधे के खिलाफ आज महिलाओं ने जोरदार विरोध दर्ज कराया।
मोहल्ले की महिलाएं भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह के नेतृत्व में उलीडीह थाना पहुंचीं और थानेदार को लिखित शिकायत सौंपी। महिलाओं का कहना है कि लॉटरी और शराब की वजह से युवा नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं। हालत यह है कि लोग सरकारी राशन की दुकान से मिलने वाला चावल और गेहूं तक बेचकर नशे में खर्च कर रहे हैं।
स्थानीय महिलाओं ने आरोप लगाया कि कई बार टाइगर मोबाइल और पीसीआर गाड़ी को शिकायत की गई.लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा, दिन-ब-दिन अवैध कारोबार और ज्यादा बढ़ता जा रहा है। महिलाओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उनका घर-द्वार सब बिक जाएगा।
थाने पहुंचे भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा “अगर दो दिन के भीतर डिमना बस्ती में मोबाइल लॉटरी और अवैध शराब की भट्टी बंद नहीं हुई तो सैकड़ों महिलाएं हाथों में तख्ती और औजार लेकर जनजागरण अभियान चलाकर अड्डों को खुद ध्वस्त करेंगी।”
विकास सिंह ने यह भी कहा कि मानगो अब “मोबाइल लॉटरी का होलसेल मंडी” बन चुका है और जिला प्रशासन को सख्त कदम उठाना चाहिए। चोरी, छिनतई, आत्महत्या और झगड़े भी इन्हीं अवैध धंधों की वजह से बढ़ रहे हैं।
थानेदार ने महिलाओं और स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि हर हाल में इन अवैध कारोबारों को बंद कराया जाएगा।


