Jamshedpur: मईयां सम्मान योजना की राशि न मिलने से महिलाओं में नाराज़गी, सत्यापन शिविर में लगी लंबी कतारें…

Jamshedpur news: ‘मईयां सम्मान योजना’ के तहत मिलने वाली राशि नहीं मिलने से शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों की सैकड़ों महिलाएं काफी परेशान हैं। महीनों पहले आवेदन देने के बावजूद उन्हें अब तक न तो कोई पैसा मिला है और न ही कोई सही जानकारी।
समस्या के समाधान के लिए सामाजिक सुरक्षा विभाग ने जिला मुख्यालय परिसर में विशेष सत्यापन शिविर का आयोजन किया है जो बीते दो दिनों से चल रहा है। इस शिविर में उन महिलाओं के कागजातों की जांच की जा रही है जिन्हें योजना का लाभ नहीं मिला है। इसके साथ ही वंचित महिलाओं की एक अलग सूची भी बनाई जा रही है ताकि गलती सुधार कर उन्हें जल्द लाभ मिल सके।
सोमवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर में लगे शिविर में सुबह से ही सैकड़ों महिलाएं अपने दस्तावेज लेकर लंबी कतारों में खड़ी रहीं। उमस और हल्की बारिश के बीच महिलाएं घंटों धैर्य से अपनी बारी का इंतजार करती रहीं। कई महिलाओं ने बताया कि उन्होंने आवेदन महीनों पहले दिया था लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला।
महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द उन्हें योजना की राशि दी जाए, ताकि उन्हें आर्थिक सहारा मिल सके।

