Jamshedpur : साकची में प्रॉपर्टी विवाद पर दो पक्षों में हिंसक झड़प, पुलिस ने संभाला मामला…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के साकची में शनिवार सुबह प्रॉपर्टी विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। मामला कालीमाटी रोड स्थित मोहन काम्प्लेक्स का है। यहां अटवाल फर्नीचर के मालिक सुखविंद्र सिंह और छप्पन भोग के मालिक राजा सिंह भाटिया के बीच सुबह करीब 6 बजे कहासुनी शुरू हुई जो देखते-ही-देखते मारपीट में बदल गई।
जानकारी मिलते ही साकची थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को शांत कराया।
सुखविंद्र सिंह का आरोप है कि उन्होंने काम्प्लेक्स का हिस्सा खरीदा है लेकिन राजा सिंह भाटिया जबरन कब्जा करने पहुंचे। विरोध करने पर उनके और उनके भाई के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
वहीं राजा सिंह भाटिया का कहना है कि वे अपनी संपत्ति की मरम्मत कराने गए थे लेकिन सुखविंद्र सिंह और उनके लोग उन पर हमला करने लगे। उन्होंने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया।
पुलिस ने दोनों पक्षों से लिखित शिकायत ली है और घटना स्थल के CCTV फुटेज की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


