Jamshedpur: आरटीई के तहत 192 बच्चों को मिला निजी स्कूलों में पढ़ाई का मौका, लॉटरी प्रक्रिया हुई पूरी…

Jamshedpur news: शिक्षा का अधिकार (RTE) कानून के तहत निजी स्कूलों में आरक्षित सीटों पर नामांकन के लिए शुक्रवार को जिला समाहरणालय सभागार में लॉटरी प्रक्रिया संपन्न हुई। यह लॉटरी उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराई गई।
इस बार द्वितीय चरण की लॉटरी में कुल 697 आवेदन आए थे, जिनमें से 192 बच्चों का चयन हुआ है। यह लॉटरी 28 ऐसे निजी स्कूलों के लिए कराई गई, जहां सीटों से ज्यादा आवेदन मिले थे। सभी चयनित बच्चों की सूची मौके पर सार्वजनिक की गई।
इसके साथ ही 19 ऐसे स्कूलों की सूची भी तैयार की गई जहां आवेदन सीटों से कम थे। इन स्कूलों को लॉगिन आईडी और पासवर्ड दे दिए गए हैं ताकि अगले 5 दिनों के अंदर ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया पूरी की जा सके।
लॉटरी के दौरान जिले के सभी निजी स्कूलों के प्रधानाचार्य, जिला प्रशासन के अधिकारी और अभिभावक संघ के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा “हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार देना हमारी प्राथमिकता है और यह प्रक्रिया उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।”

