Jamshedpur: साकची में वाहन जांच के दौरान पकड़ी गई दो चोरी की बाइक, पुलिस सीसीटीवी से कर रही जांच…

Jamshedpur news: साकची थाना क्षेत्र में रविवार को वाहन चेकिंग के दौरान साकची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक ही स्थान से दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार वाहन जांच के दौरान दो युवक एक बाइक पर सवार होकर तेज रफ्तार में वहां से गुजरते दिखे। पुलिस ने जब उन्हें रोका तो वे कागजात दिखाने के बहाने बहस करने लगे और मौका पाकर बाइक वहीं छोड़कर भाग निकले। पुलिस को बाइक की स्थिति संदिग्ध लगी जिसके बाद इंजन और चेसिस नंबर की जांच की गई। जांच में यह स्पष्ट हो गया कि बाइक चोरी की है और उस पर लगी नंबर प्लेट भी फर्जी थी।
इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद अन्य संदिग्ध वाहनों की भी जांच शुरू की जिसमें एक और बाइक को जब्त किया गया। जांच में वह भी चोरी की निकली।
पुलिस फिलहाल दोनों बाइक को जब्त कर थाने ले आई है और मामले की गहन जांच कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरी की बाइकों को वहां तक लाने वालों की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

