Jamshedpur: साकची बाजार में महिला से लूट, जेवर और नकदी लेकर फरार हुए तीन युवक…

जमशेदपुर के साकची बाजार स्थित छगनलाल दयाल जी ज्वेलर्स के पास सोमवार रात लूट की एक सनसनीखेज वारदात हुई। मानगो सहारा सिटी की रहनेवाली एक महिला से अज्ञात अपराधियों ने सोने का कंगन, चेन, अंगूठी और 5 हजार रुपए नकद छीन लिए।
जानकारी के अनुसार पीड़िता अल्ट्रासाउंड कराने नजदीकी सेंटर गई थी। इसी दौरान सेंटर के बाहर तीन युवक उसके पास पहुंचे और बहाने से अपने कब्जे में ले लिया। उन्होंने महिला को झांसा दिया कि वे उसे जादू दिखाएंगे। इसके बाद उन्होंने महिला का कंगन, अंगूठी, चेन और बैग जबरन छीन लिया। बैग में 5 हजार रुपए थे।
महिला के शोर मचाने पर आसपास लोग जुट गए। इस बीच सूचना मिलते ही साकची पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जमशेदपुर में लगातार लूट, हत्या और डकैती जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। भले ही हाल ही में सभी थानेदारों का तबादला किया गया हो लेकिन अपराधियों का मनोबल कम नहीं हुआ है।

